बरजालेंगा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशाल सेवा शिविर

एक छत के नीचे मिलीं 10 से अधिक सरकारी विभागों की सेवाएं, 1500 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण

शिलचर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्यभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को कछार जिले के बरजालेंगा डेवलपमेंट ब्लॉक के तत्वावधान में बरजालेंगा पायोनियर संघ के आंबेडकर भवन में एक विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में सरकार के 10 से अधिक विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया गया। शिविर में राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम-किसान, अरुणोदय, पेंशन, भूमि पट्टा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच की भी विशेष व्यवस्था की गई।

आयोजकों के अनुसार, सुबह 10 बजे शुरू हुए इस शिविर में शुरुआती समय में ही करीब 1,500 लोगों ने पंजीकरण कराया। दिन के अंत तक यह संख्या 3 से 4 हजार तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई। शिविर शाम 5 बजे तक चला।

स्वास्थ्य विभाग के काउंटरों पर विशेष रूप से लोगों की भारी भीड़ देखी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 10 काउंटर लगाए गए थे, जहां ईसीजी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद परिमल शुक्लवैद्य उपस्थित रहे। इसके अलावा धलाई विधायक अमिय कांति दास, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र तिवारी, सीडीसी धलाई को-डिस्ट्रिक्ट, एडीसी धलाई मासी तापनौ, आंचलिक पंचायत सदस्य बुल्टी देव, सुब्रत पाल, शुभ्र नाथ, मनीष राय, असिस्टेंट इंजीनियर जियाउल हक सहित बरजालेंगा ब्लॉक के बीडीओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है।

बरजालेंगा ब्लॉक के असिस्टेंट बीडीओ सुब्रत पाल ने बताया कि सरकारी सेवाओं को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Comment