बच्चों के लिए बने आंगनवाड़ी केंद्र में बंध रहे मवेशी, सरकारी भवन बना गोशाला।

चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 10 अगस्त। 

      सरकारी कोष से बच्चों के लिए बनाए गए आंगनवाड़ी केंद्र को कथित तौर पर गोशाला में तब्दील कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मामला लखीपुर आईसीडीएस परियोजना के अंतर्गत आने वाले केंद्र संख्या-12 का है।

जानकारी के अनुसार, दक्षिण बांसकांदी इलाके में तमिजुर रहमान लस्कर के घर में यह आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है। आरोप है कि केंद्र के लिए सरकारी राशि खर्च कर भवन का निर्माण तो कराया गया, लेकिन वहां बच्चों की जगह अब मवेशियों का बसेरा है।

बताया जाता है कि केंद्र जिस मकान परिसर में स्थित है, उसके मालिक तमिजुर रहमान लस्कर ने हाल ही में पशुपालन शुरू किया है। उन्होंने मवेशी खरीदने के बाद कथित तौर पर आंगनवाड़ी केंद्र के भवन को ही गोशाला के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

आंगनवाड़ी केंद्र का उद्देश्य छोटे बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में सरकारी धन से निर्मित केंद्र का इस तरह निजी उपयोग किए जाने की खबर से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि यदि बच्चों के लिए बनाए गए केंद्र में ही मवेशी बांधे जाएंगे, तो आंगनवाड़ी केंद्र का वास्तविक उद्देश्य कैसे पूरा होगा?

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर आंगनवाड़ी केंद्र को उसके मूल उद्देश्य के लिए इस्तेमाल कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Comment