कोकराझार, 10 अगस्त:

कोकराझार जिले के फकीराग्राम कॉलेज का मुख्य गेट सोमवार को छात्रों के जोरदार विरोध प्रदर्शन से गूंज उठा। आर्थिक रूप से कमजोर, मेधावी और विभिन्न विषयों में बैकलॉग प्राप्त छात्र-छात्राओं के लिए कॉलेज में मुफ्त नामांकन (फ्री एडमिशन) की सुविधा बहाल करने की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “बोडोलैंड यूनिवर्सिटी वापस जाओ”, “हमें न्याय चाहिए”, “नामांकन शुल्क मुफ्त करो” और “शिक्षा विभाग हाय-हाय” जैसे नारों से पूरा कॉलेज परिसर गूंज उठा।
बढ़ती महंगाई और शिक्षा का संकट
छात्रों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच गरीब परिवारों के लिए कॉलेज की फीस भरना बेहद कठिन हो गया है, जिससे कई प्रतिभाशाली छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर जल्द ध्यान देते हुए मुफ्त नामांकन की व्यवस्था को तुरंत लागू किया जाए।
ज्ञापन सौंपा गया
छात्रों के इस उग्र प्रदर्शन को देखते हुए फकीराग्राम पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने दोतमा सर्किल अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला आयुक्त के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा को भेजा गया है, जिसमें छात्रों ने अपनी मांगें जल्द पूरी करने की गुहार लगाई है।
GOPAL PRASAD
KOKRAJHAR , ASSAM