शिलचर में जनाक्रोश, विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस की सख्ती
प्रे.स. शिलचर, 2 जनवरी: 31 दिसंबर की रात, जब पूरा शहर नए साल का स्वागत करने में मशगूल था, शिलचर के व्यवसायिक प्रतिष्ठान “बड़ाईल व्यू रीजेंसी” में आयोजित एक कार्यक्रम ने शहरवासियों के बीच आक्रोश फैला दिया। इस कार्यक्रम में कथित रूप से महिलाओं द्वारा अश्लील नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। देर रात तक यह आयोजन विदेशी शराब और मनोरंजन के नाम पर चलता रहा।
सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद, शहर में तीव्र आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन ने व्यावसायिक लाभ के लिए मुंबई से नर्तकियों को बुलाकर इस प्रकार के आयोजन किए, जिसमें महिलाओं को कम कपड़ों में नृत्य करने के लिए मजबूर किया गया।
गुरुवार को आक्रोशित जनता ने “बड़ाईल व्यू रीजेंसी” के बाहर एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुब्रत सेन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाना पड़ा।
होटल प्रबंधन द्वारा भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों से परहेज करने का आश्वासन देने के बाद ही गुस्साई भीड़ ने प्रदर्शन समाप्त किया और घटनास्थल से लौट गई।
इस घटना ने शिलचर के सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।