पूर्व जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा समेत तीन भाजपा में शामिल

पत्रकार लेनिन सौरव बोरा और गुंजन कलिता ने भी थामा भाजपा का दामन

आकाश देव | गुवाहाटी, 8 सितंबर: नागांव के पूर्व जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा तथा पत्रकार लेनिन सौरव बोरा और गुंजन कलिता मंगलवार को गुवाहाटी के बसिष्ठ स्थित राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने तीनों का पार्टी में स्वागत किया।

इस अवसर पर दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रशासन, पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन का अनुभव रखने वाले इन नए सदस्यों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी से भाजपा का आम जनता के साथ संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने देबाशीष शर्मा के प्रशासनिक अनुभव और सार्वजनिक सेवा के दौरान उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके अनुभव से पार्टी को लाभ मिलेगा। वहीं, पत्रकार लेनिन सौरव बोरा और गुंजन कलिता की पत्रकारिता पृष्ठभूमि को भी उन्होंने पार्टी के लिए उपयोगी बताया।

सैकिया ने असम की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी 2026 विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य के विकास और जनसेवा के कार्यों को आगे भी जारी रखेगी।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री रवींद्र राजू, कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरुआ और पीयूष हजारिका, विधायक कौशिक राय, विधायक रूपक शर्मा, विधायक बिजॉय मालाकार तथा प्रद्युत बरदलोई, प्रदेश महासचिव ऋतुराज बरुआ सहित 100 से अधिक पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment