पीएम श्री स्कूल गतिविधियों का अवलोकन, पीटीसी बैठक एवं श्रद्धांजलि सभा
पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय पैलापूल, काछार (असम) में दिनांक 13 मार्च 2026 को पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के अवलोकन, पीटीसी बैठक तथा श्रद्धांजलि सभा का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखीपुर ब्लॉक के अंतर्गत संचालित सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ शिक्षक तथा पीटीसी सदस्य उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों ने विद्यालय में संचालित पीएम श्री योजना से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखा और उनकी सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित पीटीसी बैठक में भी अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं नैतिक विकास को लेकर सार्थक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विगत दिनों घटी एक अत्यंत दुखद एवं अप्रत्याशित घटना को स्मरण करते हुए कक्षा 9 के छात्र अरिंदम दास को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके असामयिक निधन से सम्पूर्ण विद्यालय परिवार गहरे शोक में है। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा पीटीसी सदस्यों ने दिवंगत छात्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित शोक सभा में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, पीटीसी सदस्यों तथा विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की।