पिछले चार दशकों से बंद बीनापानी राय फुटबॉल टूर्नामेंट फिर से होगा शुरू,कई खिलाड़ियों को मिला सम्मान।

चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 15 जून: “मैं स्वयं को पहले एक खिलाड़ी के रूप में परिचित कराना पसंद करता हूं, राजनीतिक पहचान उसके बाद आती है। आज भी जब मन व्यथित होता है तो खेल के मैदान में जाकर सुकून मिलता है।” यह बात उधारबंद के नवनिर्वाचित विधायक राजदीप गोयाला ने कही।

  उधारबंद स्पोर्ट्स एसोसिएशन (यूएसए) की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उधारबंद के एक सभागार में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक राजदीप ग्वाला ने खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह में विधायक राजदीप गोयाला सहित कई उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूएसए के अध्यक्ष जगन्नाथ राय ने की। मंच पर शिलचर जिला खेल संघ के पूर्व सचिव बाबुल होड़, वर्तमान अध्यक्ष शिवव्रत दत्त, पूर्व खिलाड़ी सुधांशु दास, विधानचंद्र राय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ कलाकार एवं पत्रकार शिवाशीष चक्रवर्ती द्वारा प्रस्तुत एकल गीत “तोलो छिन्नवीणा बांधो नूतन तारे” से हुआ।

अपने संबोधन में विधायक  ग्वाला ने कहा कि एक खिलाड़ी और खेलप्रेमी होने के नाते वे उधारबंद में खेलों के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक नए स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव भी दिया जा चुका है। उन्होंने फुटबॉल और क्रिकेट के साथ-साथ व्यक्तिगत खेल प्रतियोगिताओं को भी बढ़ावा देने का आह्वान किया।

समारोह में जिला खेल संघ, शिलचर द्वारा आयोजित वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुल पांच पदक जीतने वाली ऋषिता साहा और मास्टर गैब्रियल को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सोनाई में आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता शिखरी दास तथा पैरा बैडमिंटन में भारतीय टीम के कोच के रूप में जिम्मेदारी निभाने वाले राहुल दे को भी सम्मान प्रदान किया गया। यूएसए की फुटबॉल और क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र दिए गए।

समारोह की एक महत्वपूर्ण घोषणा यह रही कि वर्ष 1976 में स्थापित यूएसए द्वारा आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित बीनापानी राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट, जो पिछले लगभग चार दशकों से बंद पड़ा था, अब पुनः शुरू किया जाएगा। दाता परिवार की ओर से पार्थसारथी राय, पन्नालाल राय और पिकलू राय ने इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में बाल कलाकार अनुष्का चौधरी ने सुंदर रवींद्र संगीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन यूएसए के सह महासचिव संजू राय ने किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के अनेक विशिष्ट नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment