श्रीभूमि, 28 जून: श्रीभूमि (पूर्व करीमगंज) शहर के नीलमणि रोड निवासी तथा एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष द्वैपायन सेन (33) की आत्महत्या से रविवार को पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने अपने घर में विषपान कर जीवन समाप्त कर लिया। उनके द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में अपनी मृत्यु के लिए अपने प्रिय पालतू कुत्तों की मौत से उपजे गहरे मानसिक आघात को जिम्मेदार बताया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार तड़के द्वैपायन ने अपने कमरे में विषपान किया। लगभग एक घंटे बाद उन्होंने अपनी बहन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत ब्रजेंद्र रोड श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
द्वैपायन अपने पीछे माता-पिता, बहन तथा अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। वे करिमगंज जिला एनएसयूआई में पहले महासचिव और बाद में जिला अध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। हाल ही में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। उनके सौम्य स्वभाव और सामाजिक सक्रियता के कारण विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के लोगों से उनके अच्छे संबंध थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, सुसाइड नोट में जिन पालतू कुत्तों का उल्लेख किया गया है, उनकी मृत्यु लगभग छह माह पहले हो चुकी थी। द्वैपायन उन कुत्तों से बेहद भावनात्मक रूप से जुड़े हुए थे और उनकी मौत के बाद लंबे समय से गहरे दुख में थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अंतिम संस्कार में पूर्व छात्र नेता जुनैद अहमद, कलाकार जयानंद भट्टाचार्य, पार्षद धीमानकांति राय सहित अनेक मित्र, शुभचिंतक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।