पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के नाम जमीन ट्रांसफर करने का आवेदन

बस्ती. बस्ती जनपद के हरैया तहसील से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां भगवान शिव को मृतक दिखाते हुए रास्‍ते (चकरोड) की जमीन उनके वारिसों पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के नाम करने के लिए बाकायदा ऑनलाइन आवेदन किया गया है. इस मामले की कॉपी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रही है.

दरअसल, मामला बस्ती जनपद के हर्रैया तहसील के ग्राम अकवारा का है. जहां से राजस्व संहिता की धारा 33(1) के अंतर्गत भगवान शिव को मृतक दिखाते हुए उत्तराधिकारी के रूप माता पार्वती, गणेश और कार्तिकेय को बतौर वारिस दर्ज करने को कहा गया है. आवेदन पत्र में गाटा संख्या 99 और खतौनी संख्या 200 में बतौर वारिस के रूप में सबसे पहले माता पर्वती को दर्शाया गया है और मृतक से सम्बन्ध के तौर पर पति दिखाया गया है.

संरक्षक के रूप में जय भोले बाबा शंकर (उम्र 99 वर्ष) को दर्शाया गया है. जबकि गणेश और कार्तिकेय को भी वारिस बनाया गया है और सम्बंध के तौर पर पुत्र दिखाया गया है. हालांकि संबंधित गाटा संख्या चकरोड के तौर पर दर्ज है और अभी यह आवेदन पत्र लेखपाल के स्तर पर विचाराधीन है. इसी आवेदन की कॉपी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. इस मामले को लेकर हड़कंप मचा हुआ है.

मामले की हो रही जांच- इस मामले में एसडीएम हरैया गुलाब चंद्रा ने बताया कि यह किसी शरारती तत्वों की करतूत है. संबंधित मामले को निरस्त कर दिया गया है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Comment