पाकिस्तान कनेक्शन के खिलाफ भाजपा का उग्र प्रदर्शन, शिलचर में रैली निकालकर गौरव गोगोई का पुतला दहन
यशवंत पांडेय, शिलचर, 8 फरवरी:
एसआईटी (विशेष जांच दल) की जांच में सामने आए कथित विस्फोटक तथ्यों को लेकर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के खिलाफ राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जांच से जुड़े दावों के अनुसार, पाकिस्तान की एक एनजीओ में कार्यरत गौरव गोगोई की पत्नी एलिज़ाबेथ कोलबर्न को अपने वरिष्ठ अधिकारियों की तुलना में करीब 500 प्रतिशत अधिक वेतन दिया गया, जिसे लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इन्हीं आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी, काछाड़ जिला इकाई ने आज शिलचर में जोरदार रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और बाद में गौरव गोगोई का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर देश की सुरक्षा से समझौता करने के आरोप लगाए और जोरदार नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं का कहना है कि सांसद बनने से पहले गौरव गोगोई के पाकिस्तान दौरे और उस दौरान पाकिस्तान सरकार द्वारा दिखाई गई कथित विशेष मेहरबानी अपने आप में संदेह पैदा करती है। पार्टी ने सवाल उठाया कि आखिर किस उद्देश्य से और किन शर्तों पर यह संबंध बने।
इस उग्र विरोध प्रदर्शन में असम सरकार के मंत्री कौशिक राय, शिलचर के विधायक दीपायन चक्रवर्ती, भाजपा काछाड़ जिला अध्यक्ष रूपम साहा, जिला परिषद अध्यक्ष कोकण नारायण सिकदार, उधारबंद के विधायक मिहिर कांति सोम सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए और कांग्रेस नेतृत्व देश की जनता को यह स्पष्ट करे कि पाकिस्तान से जुड़े इन कथित संबंधों की सच्चाई क्या है।