पांचग्राम के मिरापिंग मुकाम के समीप सड़क धंसी, यातायात बाधित

पांचग्राम के मिरापिंग मुकाम के समीप सड़क धंसी, यातायात बाधित

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पांचग्राम के मिरापिंग मुकाम के समीप सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। सड़क धंसने के चलते छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण बन गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगातार वर्षा से पहाड़ी मिट्टी कमजोर और नरम हो जाने के कारण अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तथा संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन की ओर से धंसे हुए हिस्से को दुरुस्त कर जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में इस इलाके में भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना रहता है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए मजबूत सुरक्षा एवं संरक्षण कार्य कराने की अपील की है।

Leave a Comment