पश्चिम शिलचर कॉलेज में 702 विद्यार्थियों को ‘निजुत माईना’ और ‘निजुत बाबू’ योजना के तहत चेक वितरित

विधायक किशोर नाथ ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया

शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट।

विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से असम सरकार की ‘मुख्यमंत्री निजुत माईना योजना’ और ‘मुख्यमंत्री निजुत बाबू योजना’ के तहत आज पश्चिम शिलचर कॉलेज में चेक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़खोला के विधायक किशोर नाथ उपस्थित थे।

‘निजुत माईना योजना’ के तहत 541 छात्राओं तथा ‘निजुत बाबू योजना’ के तहत 161 विद्यार्थियों सहित कुल 702 विद्यार्थियों के बीच आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता देना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रोत्साहित करना है।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक किशोर नाथ ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास का प्रमुख आधार है। सरकार की ये दोनों योजनाएं विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करेंगी तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की सोच और महिला सशक्तीकरण के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बालिका शिक्षा के प्रसार तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़ाने और युवाओं का भविष्य संवारने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि उन्हें पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए, अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए तथा कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ सफलता की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकारी सहायता का सदुपयोग कर विद्यार्थी भविष्य में जिम्मेदार, कुशल और आत्मनिर्भर नागरिक बनेंगे।

योजना का लाभ और चेक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने के लिए विधायक किशोर नाथ ने कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और उपस्थित विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।

Leave a Comment