शिलचर, 30 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे के पश्चिम कछार जिले के प्रवास के दौरान बुधवार को कलाइन प्रखंड में वीएचपी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार तथा सेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने बांग्लादेश सीमा से सटे नातानपुर चाय बागान तथा जलालपुर चाय बागान स्थित वीएचपी द्वारा संचालित दो प्रतिभा विकास केंद्रों का दौरा किया और वहां की गतिविधियों का अवलोकन किया।
वीएचपी के अनुसार, वर्तमान में पश्चिम काछार जिले में 41 प्रतिभा विकास केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। संगठन ने निकट भविष्य में दक्षिण-पूर्व प्रांत के अन्य जिलों में लगभग 100 नए प्रतिभा विकास केंद्र प्रारंभ करने की योजना बनाई है।
इन प्रतिभा विकास केंद्रों में प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को नियमित रूप से भारतीय संस्कृति एवं हिंदू जीवन-मूल्यों, आध्यात्मिक मंत्रों, राष्ट्रभक्ति तथा नैतिक शिक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि उनमें संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का विकास हो सके।
दौरे के दौरान माननीय विनायक राव देशपांडे ने केंद्रों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सायं लगभग 6:15 बजे प्रतिनिधिमंडल जलालपुर से शिलचर के लिए रवाना हुआ।