परिवार दत्तक कार्यक्रम के तहत शिलकूड़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

शिलचर, 7 अगस्त: शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से परिवार दत्तक कार्यक्रम के तहत शिलकूड़ी बरम बाबा ग्राम पंचायत के सहयोग से शिलकूड़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के आयोजन में शिलकूड़ी बराम बाबा ग्राम पंचायत के निवासी तथा सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के फैकल्टी डॉ. नीलम प्रसाद यादव की महत्वपूर्ण पहल रही। उन्होंने शिलकूड़ी उपकेंद्र के सहयोग से शिविर के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। डॉ. यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत अध्यक्ष रमेश नूनिया सहित सभी संबंधित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर में सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कनिका के. बरुआ, एसएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. अजीत कुमार डे सहित डॉ. मौसुमी बिस्वास, डॉ. प्रज्ञान गोगोई, डॉ. मोनाली, डॉ. मुर्मू, डॉ. सुचित्रा, डॉ. रसीदा, डॉ. नजराना और डॉ. दिलशाद ने अपनी सेवाएं दीं।

डॉ. नीलम प्रसाद यादव ने बताया कि परिवार दत्तक कार्यक्रम (एफएपी) वर्ष 2022 में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के अंतर्गत शुरू किया गया था और यह सामुदायिक चिकित्सा विभाग के अधीन संचालित होता है। कार्यक्रम का उद्देश्य एमबीबीएस विद्यार्थियों को समाज और परिवारों से जोड़ना तथा उनमें सामाजिक संवेदनशीलता, सहानुभूति और सेवा भावना विकसित करना है। इसी उद्देश्य के तहत विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

Leave a Comment