“परमार्थ”,संस्कार शिविर का भव्य समापन,55 बच्चों ने सीखी धर्म और संस्कार की वर्णमाला*
सिलचर: व्यसन मुक्ति प्रणेता,आचार्य प्रवर 1008 श्री रामलाल जी मःसाः की महती कृपा से श्री अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के निर्देशानुसार, स्थानीय साधुमार्गी जैन संघ,सिलचर के तत्वावधान में समता महिला मंडल एवं समता युवा संघ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘समता संस्कार शिविर “परमार्थ”‘ का रविवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ।गत 24 दिसंबर से प्रारंभ हुए इस शिविर में लगभग 55 बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पांच दिनों तक चले इस विशेष आयोजन में बच्चों को न केवल जैन धर्म की बुनियादी शिक्षा दी गई, बल्कि उन्हें जीवन में नैतिकता, सेवा और परोपकार के मूल्यों से भी अवगत कराया गया।समापन समारोह के अवसर पर आयोजित विशेष सभा में समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। श्री संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सांड एवं मंत्री प्रकाश चंद सुराना ने अपने संबोधन में बच्चों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन एवं धर्म के प्रति उत्साह की सराहना की एवम् आध्यात्मिक व धार्मिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की शुभ कामना की। महिला मंडल की अध्यक्षा सुनीता देवी गुलगुलिया और युवा संघ के अध्यक्ष धीरज गुलगुलिया ने बच्चों को भविष्य में भी धर्म मार्ग से जुड़े रहने और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सुंदरी देवी पटवा सहित अन्य वक्ताओं ने बच्चों को संस्कारों का महत्व समझाया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। पूरे पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का कुशल संचालन अलका सेठिया, रूपा डागा ने बहुत ही सुंदर और प्रभावी ढंग से किया व महिला मंडल मंत्री आरती सोनावत ने कार्य परिचालन में सहयोग प्रदान किया।
अंत में श्री संघ अध्यक्ष ने समता महिला मंडल के सदस्यों समता युवा संघ एवं सभी अभिभावकों को शिविर को सफल बनाने के लिए और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।