विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 13 जूलाई: समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किए गए स्वर्गीय कविंद्र पुरकायस्थ की स्मृति में 17 जुलाई को शिलचर में एक सम्मान एवं सौजन्य-सम्मिलनी का आयोजन किया जाएगा।
पुरकायस्थ परिवार की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार, दिवंगत कविंद्र पुरकायस्थ को उनके आजीवन जनसेवा और असाधारण सामाजिक योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 23 जून 2026 को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया, जिसे परिवार की ओर से उनके पुत्र राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ ने ग्रहण किया।
परिवार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जो स्वर्गीय कविंद्र पुरकायस्थ के आदर्शों, कर्म और जनसेवा की भावना से जुड़े रहे हैं। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
यह सम्मान समारोह 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को शाम 5 बजे सेरेमनी बैंक्वेट हॉल, सर्किट हाउस रोड, शिलचर में आयोजित होगा। पुरकायस्थ परिवार ने सभी शुभचिंतकों, मित्रों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस अवसर की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।