शहर के भीतर खुलेआम नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
शिलचर, 3 नवंबर। नशे के खिलाफ लगातार आवाज बुलंद करने और युवाओं को जागरूक करने के प्रयासों के लिए शिलचर के युवा रोहित दास को सम्मानित किया गया। मंगलवार को समाजसेवी दीपान भट्टाचार्य ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें उत्तरिय पहनाकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई महीनों से रोहित दास शहर के विभिन्न इलाकों में नशा करने वालों की गतिविधियों को वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर उजागर कर रहे हैं। उनके इस साहसिक प्रयास की लोगों ने सराहना की है।
इस अवसर पर समाजसेवी दीपान भट्टाचार्य ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की लत आज बराक घाटी सहित पूरे देश के युवा वर्ग को अपनी चपेट में ले रही है। जिला प्रशासन मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सक्रिय है, लेकिन शहर के भीतर खुलेआम हो रहे नशे के सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने में अपेक्षित तत्परता दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिलचर सदर थाने की चहारदीवारी के ठीक बगल में भी दिन-रात युवक-युवतियों का नशे का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन से इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पुनर्वास केंद्रों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उपचार के बाद कई लोग दोबारा नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं। इसलिए केवल चिकित्सा पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित काउंसलिंग, पारिवारिक सहयोग और उपचार के बाद भी लगातार निगरानी आवश्यक है।
उन्होंने विद्यालयों में भी नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना था कि परिवार, शिक्षण संस्थानों, प्रशासन और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।