नरसिंपुर क्षेत्रीय पंचायत पर भाजपा का कब्जा, निर्मल कांत दास अध्यक्ष, सायंतिका गोस्वामी उपाध्यक्ष निर्वाचित

धोलाई, 18 जुलाई |नरसिंपुर क्षेत्रीय पंचायत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुमत हासिल करते हुए अपना नियंत्रण स्थापित किया। शुक्रवार को नरसिंपुर विकास खंड कार्यालय में आयोजित बैठक में पंचायत की नई कमेटी का गठन किया गया। इस अवसर पर काछार जिला के सहायक आयुक्त उन्हाले आशीष विद्याधर की उपस्थिति में निर्विरोध रूप से जीवनग्राम जीपी के एपी सदस्य निर्मल कांत दास को अध्यक्ष और उत्तर नरसिंपुर जीपी की एपी सदस्य सायंतिका गोस्वामी को उपाध्यक्ष चुना गया।

12 क्षेत्रीय पंचायत सदस्यों के समर्थन से यह चयन बिना किसी विरोध के संपन्न हुआ। कमेटी गठन के बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को सहायक आयुक्त आशीष विद्याधर ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर नरसिंपुर विकास खंड के अधिकारी नेइहात हाओलाई समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा के धोलाई पालंगघाट मंडल अध्यक्ष संजय कोइरीशशांक पालसितांशु दास सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सदस्यों का पारंपरिक उत्तरीय और फूलमालाओं से स्वागत किया।

इस दौरान अध्यक्ष निर्मल कांत दास और उपाध्यक्ष सायंतिका गोस्वामी ने अपने संबोधन में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
विशेष उल्लेखनीय है कि 12 क्षेत्रीय पंचायत सदस्यों में से 8 सदस्य भाजपा के तथा 4 सदस्य कांग्रेस के थे। लेकिन इन चारों कांग्रेस सदस्यों ने भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को समर्थन देकर सर्वसम्मति की मिसाल पेश की।

Leave a Comment