सलिम शेख | धुबरी, 30 अक्टूबर: धुबरी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोगमाया घाट इलाके से 36 लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह है। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान और नागरिकता से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
इस बीच, धुबरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवाशीष बोरा ने मीडिया को बताया कि ये लोग बांग्लादेश के राजशाही क्षेत्र के चपाई नवाबगंज जिले से आए थे।
वहीं, पत्रकारों द्वारा हिरासत में लिए गए कुछ लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वे काम की तलाश में बांग्लादेश से चेन्नई जाने के उद्देश्य से आए थे। उनके बयानों के अनुसार, सीमा पार कराने के नाम पर दलालों के एक गिरोह ने प्रत्येक व्यक्ति से 15,000 से 17,000 रुपये तक वसूले थे।
यह भी जानकारी सामने आई है कि मिलन नाम के एक दलाल ने कथित तौर पर उन्हें सीमा पार कराने में मदद की थी।
इस पूरे मामले को लेकर धुबरी पुलिस की जांच जारी है।