वन्यजीव तस्करी के आरोप में श्यामाचरणपुर निवासी गिरफ्तार
धोलाई, 8 अक्टूबर। असम–मिजोरम सीमा से सटे धलाखाल इलाके में वन विभाग ने अभियान चलाकर करीब डेढ़ किलोग्राम पैंगोलिन की शल्क बरामद की है। इस मामले में वन विभाग ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, गत 5 अक्टूबर को धलाखाल इलाके में नियमित तलाशी अभियान के दौरान श्यामाचरणपुर निवासी निहार उद्दीन बरभुइयां को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब डेढ़ किलोग्राम पैंगोलिन की शल्क बरामद होने का दावा वन विभाग ने किया है।
बाद में वन विभाग और पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वन विभाग की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
धोलाई हवाईथांग रेंज की वन अधिकारी गीताश्री डोले ने बताया कि संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध शिकार और वन्यजीवों के अंगों की तस्करी रोकने के लिए नियमित गश्त और निगरानी की जा रही है। बरामद पैंगोलिन की शल्क कहां से लाई गई थीं और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन एक संरक्षित वन्यजीव है। इसका शिकार तथा इसके अंगों का अवैध व्यापार कानूनन दंडनीय अपराध है। सीमा क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी और अधिक कड़ी कर दी गई है।