धलाई जिले के 75 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, शैक्षणिक एवं खेल सामग्री का वितरण

कमलपुर (त्रिपुरा)। उत्तर पूर्वांचल जनजाति सेवा समिति (UPJSS), त्रिपुरा प्रांत की ओर से धलाई जिले के कमलपुर ब्लॉक के छह विद्यालयों के 10वीं एवं 12वीं कक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 75 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को खेल सामग्री, फुटबॉल, स्कूल बैग, छाता एवं मच्छरदानी भी वितरित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कांति देब ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि सुरमा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सपना दास ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री श्री शशिकांत पांडे ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में उत्तर पूर्वांचल जनजाति सेवा समिति के प्रांत सचिव श्री शंकर राय सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Comment