धर्मखाल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी ने जमीन हड़पने की साजिश में हत्या का लगाया आरोप

शिव कुमार शिलचर, 30 जुलाई: कछार जिले के धर्मखाल क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान जीवन पात्र के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने गांव के ही चंदन पात्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, 24 जुलाई को चंदन पात्र जीवन पात्र को यह कहकर अपने साथ ले गया था कि वह डूबा जल (तालाब) में मछली पकड़ने जा रहा है। उस समय जीवन पात्र अपने बड़े भाई के घर पर मौजूद था। परिवार के लोगों का कहना है कि चंदन पात्र उसे सबके सामने अपने साथ ले गया, इसलिए किसी को किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई।

परिवार का कहना है कि उसी दिन शाम को चंदन पात्र की पत्नी ने सूचना दी कि जीवन पात्र की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन उसके घर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। परिजनों का दावा है कि उस समय कोई गंभीर स्थिति दिखाई नहीं दी। इसके बाद चंदन पात्र ने उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया कि वह कुछ देर बाद जीवन पात्र को घर पहुंचा देगा। इस भरोसे पर परिवार के लोग अपने घर लौट आए।

परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात चंदन पात्र के घर से शोर-शराबे और हंगामे की आवाजें सुनाई दी थीं। हालांकि उस समय किसी को यह अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी घटना घट चुकी है। रविवार सुबह करीब पांच बजे परिवार को सूचना मिली कि जीवन पात्र की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक के परिजनों का दावा है कि मौके पर पहुंचने पर उन्होंने जीवन पात्र के शव पर कई जगह चोट के निशान देखे। इससे उन्हें संदेह हुआ कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चंदन पात्र की नजर उनके पति की जमीन पर थी। उनका आरोप है कि जमीन हड़पने की नीयत से वह अक्सर उनके पति को शराब पिलाता था और इसी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई। उन्होंने कहा कि उनके पति की मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद धर्मखाल क्षेत्र में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Comment