शिलचर, 19 अगस्त: शिलचर के माइकल मधुसूदन सरणी क्षेत्र में नवगठित एवं पंजीकृत माइकल मधुसूदन सरणी डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, देशभक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के इतिहास में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इतने व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 15 अगस्त की सुबह राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद 16 अगस्त की सुबह चित्रांकन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें 70 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दोनों प्रतियोगिताओं को चार-चार वर्गों में विभाजित किया गया था। चित्रांकन प्रतियोगिता में जयश्री राय तथा नृत्य प्रतियोगिता में रंजीता सिन्हा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि सोसाइटी की ओर से किसी भी प्रतिभागी से प्रवेश शुल्क नहीं लिया गया। समिति की सदस्य मौसमी राय, राजू मित्र, कस्तूरी देब, गौतम डे, मन्ना भट्टाचार्य सहित अन्य सदस्यों ने प्रायोजन के माध्यम से पूरे आयोजन को सफल बनाया।
पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम को आयोजित पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत सेवाश्रम संघ के शीतांशु महाराजजी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर माइकल मधुसूदन सरणी के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव में विशेष योगदान देने वाले लोगों को सोसाइटी की ओर से स्मृति चिह्न एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
क्षेत्र के वरिष्ठ निवासी एवं सोसाइटी के सलाहकार अमलेंदु गोस्वामी ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और कल्याण की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
सोसाइटी के अध्यक्ष राजदीप दाम ने आयोजन की सफलता पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है और यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता क्षेत्रवासियों के प्रेम, विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विकासात्मक कार्यों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जारी रखने तथा माइकल मधुसूदन सरणी को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पिंटू सील, राजू मित्र, राजदीप दाम, दिपोन देब, अरूप गोस्वामी, वैशाली गोस्वामी, सौरदीप राय, किशन सील, गौरव डे, बिल्टू राय, शिबू पाल सहित सोसाइटी के अनेक सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
माइकल मधुसूदन सरणी डेवलपमेंट सोसाइटी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी क्षेत्रवासियों तथा समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।