शिलचर, 7 अगस्त: दूरदर्शन केंद्र शिलचर में आज राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं अनुपालन को लेकर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र के उपनिदेशक श्री समरजीत सिंह ने की, जिन्होंने स्वागत वक्तव्य के साथ कार्यशाला का शुभारंभ किया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार श्री दिलीप कुमार रहे, जिन्होंने राजभाषा अधिनियम 1963 एवं राजभाषा नियम 1976 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन अधिनियमों में समय-समय पर आवश्यक संशोधन किए गए हैं ताकि सरकारी कामकाज में हिंदी का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत को राजभाषा दृष्टि से तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें पूर्वोत्तर भारत ‘ग’ क्षेत्र में आता है। ऐसे में इस क्षेत्र के सभी केंद्रीय कार्यालयों के लिए अधिनियम की धारा 3(3) के तहत हिंदी का उपयोग अनिवार्य है।
कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों को राजभाषा के प्रभावी अनुपालन और आवश्यक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। संचालन श्री चंदन घोष ने किया।
इस अवसर पर देवज्योति धर चौधरी, चंद्रिमा दे, संहिता चक्रवर्ती, केशव भट्टाचार्य, बलराम दे, अशोक सिन्हा राजकुमार, अनुप धर, समीर दास, देवव्रत चक्रवर्ती, मनोजित दास, पिंकू दास और राजभर भैया सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।