चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 4 अगस्त।
सामाजिक दायित्व के निर्वहन की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए जिले के लखीपुर क्षेत्र का अलीपुर ब्यूरोज़ मेमोरियल क्रिश्चियन अस्पताल लगातार दूरदराज़ क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहा है। इसी क्रम में अस्पताल प्रबंधन ने सोमवार को लखीपुर उपमंडल के सुदूरवर्ती बाइते (चुरपुंजी) क्षेत्र में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया, जिसमें पहाड़ी जनजातीय समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान कुल 154 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
अस्पताल की मेडिकल टीम में दो चिकित्सक, तीन नर्सें, एक फार्मासिस्ट, एक शिविर समन्वयक तथा एक वाहन चालक शामिल थे। टीम ने पूरे दिन मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
अलीपुर ब्यूरोज़ मेमोरियल क्रिश्चियन अस्पताल की इस मानवीय पहल से बाइते (चुरपुंजी) के पहाड़ी क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय ग्रामीणों ने चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन एवं मेडिकल टीम के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रम जारी रखने की अपेक्षा जताई।