दुरबीन टीला के विकास के लिए परियोजना लागू करने का निर्णय, ग्रामवासियों ने दी सर्वसम्मति

शिलचर, 3 सितंबर। श्री श्री चंडी माता मंदिर निर्माण एवं विकास समिति की पहल पर आयोजित एक आमसभा में क्षेत्र के विकास तथा मंदिर से सटे दुरबीन टीला के भविष्य के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में गांव के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्री श्री चंडी माता मंदिर से सटे दुरबीन टीला को औपचारिक रूप से श्री श्री चंडी माता मंदिर निर्माण एवं विकास समिति के अधीन लाया जाएगा। इसके साथ ही टीले के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और समग्र उन्नयन के उद्देश्य से समिति की ओर से एक उपयुक्त विकास परियोजना तैयार कर उसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

बैठक में समिति के अध्यक्ष वीरभद्र सिंह, पूजा समिति के अध्यक्ष भानु दुषारगौरांग दास, शिव कुमार आकुड़ा, गणश्याम रविदास, पुतुल चंद्र बागदी, शुभाश चंद्र, राजू गिरि, गोविंद घोष, साधन गोयाला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए दुरबीन टीला के विकास और प्रस्तावित परियोजना के क्रियान्वयन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि टीले का योजनाबद्ध विकास होने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से भी इसका महत्व बढ़ेगा।

Leave a Comment