तीनसुकिया में किसान–वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित

तीनसुकिया: तीनसुकिया जिला कृषि कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (ATMA) के तत्वावधान में 12 और 13 अगस्त को दो दिवसीय किसान–वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ खेती से जुड़ी समस्याओं, आधुनिक तकनीकों और फसल प्रबंधन पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में सहायक कृषि निदेशक पंकज कुमार गोगोई, अनुमंडल कृषि अधिकारी (सदर) जूरी गोगोई तथा उप-परियोजना निदेशक-2 (ATMA) डॉली संदिकै उपस्थित रहीं। संसाधन व्यक्तियों के रूप में तीनसुकिया कृषि विज्ञान केंद्र की विषय विशेषज्ञ (पथारी फसल) प्रियंका एमोंग और उद्यान विज्ञान विषय विशेषज्ञ डॉ. संचयिता गोगोई ने किसानों को तकनीकी जानकारी दी।

ATMA के ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर नयन सोनवाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक कृषि निदेशक पंकज कुमार गोगोई ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

कृषि विज्ञान केंद्र की विषय विशेषज्ञ प्रियंका एमोंग ने धान, उड़द तथा तिलहन फसलों की आधुनिक खेती तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक एवं जैविक उर्वरकों के उचित उपयोग, मात्रा और नियंत्रण को लेकर किसानों के साथ चर्चा की।

वहीं, उद्यान विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. संचयिता गोगोई ने रबी मौसम की उन्नत फसलों, विशेषकर ब्रोकोली, फूलगोभी और टमाटर की उन्नत खेती एवं फसल प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने नर्सरी प्रबंधन, कोकोपीट के उपयोग तथा पौध तैयार करने और पौधशाला की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों पर भी किसानों के साथ संवाद किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के साथ-साथ उनकी जमीनी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना और कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के लिए नई पद्धतियों को प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Comment