डिब्रूगढ़ में राज्यपाल ने ९६ वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी फणीधर गोगोई को किया सम्मानित

डिब्रूगढ़: असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को डिब्रूगढ़ के कोंवरिगांव स्थित ९६ वर्षीय वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं स्वतंत्रता सेनानी फणीधर गोगोई के आवास पर पहुंचकर उन्हें ‘गवर्नर असम वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ पहल के तहत सम्मानित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने गोगोई को उनके राष्ट्र एवं समाज के प्रति आजीवन योगदान के सम्मान में पारंपरिक असमिया गमछा, ५१,००० रुपये का चेक, सेलेंग सदर, शॉल, धोती, छाता तथा फलों की टोकरी भेंट की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य ने कहा कि एक समर्पित शिक्षक और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में फणीधर गोगोई का जीवन समर्पण, परिश्रम और अनुशासन का प्रेरणादायक उदाहरण है।

राज्यपाल ने कहा, “हमारे वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान उस पीढ़ी के मूल्यों और संघर्षों के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक माध्यम है, जिसने हमारे राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं।”

यह दौरा राज्यपाल की उस पहल का हिस्सा था, जिसके तहत समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी सेवा एवं समर्पण के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जा रहा है।

Leave a Comment