डिब्रूगढ़: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, असम की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) आज डिब्रूगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम बन चुकी है। जिला स्वास्थ्य विभाग, डिब्रूगढ़ के सतत प्रयासों, दूरदर्शी योजना और जमीनी क्रियान्वयन के कारण MMU ने जिले के स्वास्थ्य परिदृश्य में एक नई पहचान बनाई है। विशेषकर जिले के दूरस्थ, सीमांत और चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवा वरदान साबित हो रही है।
डिब्रूगढ़ जिले में वर्तमान में कुल 21 मोबाइल मेडिकल यूनिट कार्यरत हैं। इनमें से 20 MMU जिले के 147 चाय बागानों के लिए समर्पित हैं, जबकि 1 MMU गैर-चाय बागान एवं अन्य वंचित क्षेत्रों में सेवाएं दे रही है। इस व्यवस्थित मॉडल के कारण चाय बागान समुदाय को उनके द्वार पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो पाई है। प्रत्येक MMU में एक चिकित्सक, GNM नर्स, लैब तकनीशियन, नेत्र सहायक और फार्मासिस्ट की पूर्ण टीम तैनात है। यह इकाई एक “चलते-फिरते अस्पताल” की तरह काम करती है, जहाँ OPD परामर्श, LFT, KFT, CBC, ECG जैसी प्रयोगशाला जांचें, नेत्र परीक्षण एवं परामर्श के साथ-साथ निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की जाती हैं।
डिब्रूगढ़ स्वास्थ्य विभाग की योजना और निगरानी के परिणामस्वरूप MMU ने 2024-25 वित्तीय वर्ष में 3,91,403 लोगों की, पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6300 शिविरों का सफल आयोजन किया और 3,94,428 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग संभव हो पाई। चालू वित्तीय वर्ष में ( अप्रैल ,2026- जून,2026) अब तक 98,503 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें समय पर जांच और परामर्श के द्वारा कई गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया गया। MMU में स्क्रीनिंग के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षा, माइकिंग और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति समझ और सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
MMU के कारण डिब्रूगढ़ जिले की चाय बागानों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया और गैर-संचारी रोगों के प्रबंधन में सकारात्मक बदलाव आया है। समय पर उपचार और जांच की सुविधा मिलने से रेफरल मामलों में कमी आई है और जिला अस्पतालों पर दबाव भी घटा है। इस प्रकार MMU न केवल उपचार का माध्यम बनी है, बल्कि रोकथाम और जागरूकता की दिशा में भी एक मजबूत स्तंभ सिद्ध हुई है।
जिला स्वास्थ्य समिति, डिब्रूगढ़ “सबके लिए सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। MMU के माध्यम से विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि जिले का कोई भी नागरिक, चाहे वह कितने भी दूरस्थ क्षेत्र में क्यों न रहता हो, स्वास्थ्य सेवा से वंचित न रहे। यह पहल डिब्रूगढ़ स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता और सफल क्रियान्वयन का जीवंत उदाहरण है।