‘यदि पुनर्जन्म हो तो शिक्षक के रूप में जन्म लेना चाहूंगा’ : डॉ. कृष्णरंजन पाल
गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 5 सितंबर। देशभर के साथ श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धरणहाला स्थित जीसी पाल मेमोरियल एकेडमी, बीए एवं बीएड कॉलेज में शनिवार को 65वां शिक्षक दिवस समारोह विविध कार्यक्रमों के साथ गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संस्थान के एमडी डॉ. कृष्णरंजन पाल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सचिव सब्यसाची रुद्र गुप्ता, एकेडमी की प्रिंसिपल आशा सिन्हा, रामकृष्णनगर बीएड कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल ऋतुपर्णा पाल, एकेडमी की कोऑर्डिनेटर ऋथिका पाल, रामकृष्णनगर कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की पूर्व प्राध्यापिका डॉ. माला शर्मा तथा पूर्व शिक्षक अमिताभ दास सहित अन्य अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उत्तरीय पहनाकर तथा उपहार भेंट कर गुरु-प्रणाम किया। बीए एवं बीएड कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से भी वाइस प्रिंसिपल, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के एमडी डॉ. कृष्णरंजन पाल ने कहा कि शिक्षक दिवस गुरु-वंदना और गुरु-प्रणाम का दिन है। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय बाद यहां के विद्यार्थी बीएड की पढ़ाई पूरी कर शिक्षण के क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति और देश की प्रगति उसकी शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। उन्होंने भावुक होकर कहा, “मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि यदि मेरा पुनर्जन्म हो तो मैं शिक्षक के रूप में जन्म लूं।”
सचिव सब्यसाची रुद्र गुप्ता ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक आदर्श शिक्षक थे। शिक्षक राष्ट्र की रीढ़ होते हैं और वे अपने ज्ञान एवं अनुभव का सर्वोत्तम हिस्सा विद्यार्थियों को प्रदान करते हैं। माता-पिता के बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं का विद्यार्थियों के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है।
पूर्व प्राध्यापिका डॉ. माला शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर इस संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अनेक शिक्षक सेवानिवृत्ति के बाद भी विभिन्न निजी विद्यालयों में शिक्षण कार्य करते हुए विद्यार्थियों के बीच अपना ज्ञान बांट रहे हैं।
समारोह में एकेडमी के वाइस प्रिंसिपल संजीव देव सहित सुरजीत विश्वास, शफीकुर मियां, दिव्यज्योति सिन्हा, देबयानी दास, सावित्री दास, नवायन विश्वास, धृतिधि चक्रवर्ती, पुलमा नाथ, प्रणब चक्रवर्ती, इंद्राणी पाल, लिपि दास, सुधीर पाल, सुतपा विश्वास, शुक्ला धर, राखी चक्रवर्ती, हिमांशु देवनाथ, मणिशंकर चक्रवर्ती, सुस्मिता आचार्य, सुस्मिता नाथ, पारमिता दास, सुचित्रा नाथ, वैशाली राय, अभिजीत पाल, सुरजीत दे तथा कीर्तिराज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।