जकराडहर के श्रीश्री महादेव मंदिर में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित
जिरीबाम, 6 सितंबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को जिरीबाम जिले के जकराडहर प्रखंड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दक्षिण-पूर्व प्रांत के अंतर्गत विहिप जिरीबाम जिला के जकराडहर प्रखंड स्थित श्रीश्री महादेव मंदिर परिसर में शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक यह बैठक हुई।
जकराडहर प्रखंड जिरीबाम जिला मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बैठक में विहिप के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा स्थापना दिवस से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय हिंदू समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। इस अवसर पर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज को संगठित करने पर भी जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जकराडहर प्रखंड में यह विहिप की दूसरी यात्रा है। इसके अलावा जिरीबाम जिले के लाथिंगखाल प्रखंड का भी तीन बार दौरा किया जा चुका है। जिरीबाम नगर में अलग-अलग तिथियों पर चार-पांच बैठकों में भी सहभागिता हो चुकी है।
बैठक का समापन “जय श्रीराम” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष के साथ हुआ।