जिरीबाम, 26 जून। नशा मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिरीबाम जिले में शुक्रवार को एक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस जनजागरूकता कार्यक्रम में असम राइफल्स के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
मिनी मैराथन में असम राइफल्स के जवानों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, नशामुक्त जीवनशैली तथा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
असम राइफल्स ने इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों से नशे के विरुद्ध सामूहिक रूप से आगे आने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।