अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित शराब मणिपुर ले जाई जा रही थी, 508 कार्टून शराब बरामद
शिलचर, 31 अक्टूबर। कछार जिले के जिरीघाट चेक पोस्ट पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मणिपुर की ओर जा रहे एक तेल टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। टैंकर में शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
कछार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, NL-01-G-6208 नंबर के तेल टैंकर को जिरीघाट चेक पोस्ट पर रोककर गवाहों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ तलाशी ली गई। इस दौरान टैंकर के तेल भंडारण कक्ष में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। जब्त शराब की बोतलों और बीयर के कैन पर स्पष्ट रूप से ‘केवल अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए’ अंकित था।
पुलिस के अनुसार, कुल 508 कार्टून में रखे 13,851 कैन एवं बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कुल मात्रा 5,495.85 लीटर है। जब्त शराब में किंगफिशर बीयर के 205 कार्टून, बडवाइजर बीयर के 45 कार्टून, टुबोर्ग बीयर के 80 कार्टून, रॉयल स्टैग व्हिस्की के 55 कार्टून, स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 के 32 कार्टून, ओल्ड मोंक रम के 60 कार्टून तथा मैजिक मोमेंट्स वोडका के 31 कार्टून शामिल हैं।
टैंकर चालक की पहचान रोशन कुमार राय के रूप में हुई है। वह सूरज राय का पुत्र है और गुवाहाटी के गरचुक थाना क्षेत्र अंतर्गत कटाबारी शांतिपथ, मकान संख्या 102, वार्ड नंबर 13 का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने शराब के साथ तेल टैंकर, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित शराब को अवैध रूप से मणिपुर ले जाया जा रहा था, जहां इसे अवैध कारोबार में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की जा रही है।