प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कांचा कांति सेवा समिति के तत्वावधान में उधारबंद स्थित श्रीश्री कांचा कांति माता मंदिर परिसर में सामूहिक गीता पाठ का आयोजन किया गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सौमित्र आचार्य एवं संगीता चौधरी ने किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीमद्भगवद्गीता के चयनित अध्यायों का पाठ किया। इस अवसर पर सौमित्र आचार्य ने कहा कि गीता के सभी अध्यायों का एक साथ पाठ करना काफी कठिन है। इसी को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण अध्यायों का चयन कर सामूहिक पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पंडित प्रवर क्षौनिश चक्रवर्ती ने संक्षिप्त संबोधन दिया। मौके पर कांचा कांति सेवा समिति के महासचिव अंशुमान दत्त सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति की कार्यकारिणी के सदस्य मृणाल भट्टाचार्य ने प्रेरणा भारती के पत्रकार निहार कांति राय को आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान पीढ़ी तक श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश और मानवीय मूल्यों को पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही समाज में शांति, सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सामूहिक गीता पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।