गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 19 अगस्त: श्रीभूमि जिले के कृषि विभाग के प्रबंधन तथा रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय मालाकार की पहल पर बुधवार को रामकृष्णनगर कृषि विभाग कार्यालय के सामने जनजातीय समुदाय के 200 लाभार्थियों के बीच विभिन्न प्रकार के फलों के पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीभूमि जिला जनजातीय समुदाय के अध्यक्ष मानिक बर्मन ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय समुदाय के लोगों को फलों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कृषि विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ जनजातीय समुदाय के लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने विधायक विजय मालाकार के नेतृत्व में हो रहे इन प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
रामकृष्णनगर कृषि विभाग के डेवलपमेंट ऑफिसर पीटर लोटा ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत फलदार पौधों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह योजना जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा अक्टूबर 2024 से शुरू की गई है। इसके तहत पिटाया, अमरूद, कटहल, बादाम और बेर सहित विभिन्न फलों के पौधे वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने लाभार्थियों से इन पौधों का बागान विकसित कर आर्थिक रूप से लाभान्वित होने की अपील की। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र लाभार्थियों को संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण कराने की जानकारी भी दी गई।
दुल्लभछड़ा जिला परिषद सदस्य प्रणब मुखर्जी ने कहा कि फलदार पौधों का सार्वजनिक रूप से वितरण सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है।
उन्होंने कृषि मंत्री पीयूष हजारिका के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक विजय मालाकार के प्रयासों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए विजय मालाकार अपने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं। जनजातीय समुदाय के बीच फलदार पौधों का वितरण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।