चेंकुरी नेताजी पल्ली में चोरी की घटना, युवक 1 लाख रुपये और सोने का मंगलसूत्र लेकर चंपत

शिलचर, 10 जून:
शहर के उपनगरीय इलाके चेंकुरी नेताजी पल्ली में एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। भोजन का झांसा देकर कर एक महिला के घर से एक युवक नकद ₹1 लाख और सोने कि मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। इस घटना को लेकर पीड़िता ने शिलचर नेशनल हाईवे थाना में मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता रंजीता भट्टाचार्य पेशे से एक कैटरिंग कर्मी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें एक कार्यक्रम के लिए कैटरिंग का ठेका मिला था, जिसके एवज में उन्होंने अग्रिम रूप से ₹1 लाख की राशि प्राप्त की थी। बाजार करने से पहले वह उक्त रकम और अपनी सोने की मंगलसूत्र को एक बैग में रखकर अपने घर में सुरक्षित रख देती हैं।

इसी दौरान मेहेरपुर बटेरतला का निवासी एक युवक, जिसका नाम देबा दास बताया जा रहा है, भूख लगने की बात कहकर उनके घर आता है और कुछ खाने की मांग करता है। मानवता के नाते रंजीता रसोई में खाना लाने जाती हैं, लेकिन जब वह लौटकर आती हैं, तो न देबा दास वहां होता है और न ही उनका बैग। बाद में उन्हें पता चलता है कि उस बैग में रखा ₹1 लाख नकद और सोने की मंगलसूत्र गायब है।

घटना के तुरंत बाद रंजीता भट्टाचार्य ने शिलचर के नेशनल हाईवे थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि चोरी की गई रकम और आभूषणों को बरामद किया जाए और आरोपी देबा दास को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है।

– प्रेरणा भारती संवाददाता

Leave a Comment