शिलचर/काछार, 17 जुलाई। काछार जिले के धोलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भुवनडहर जीपी के शुकतला गांव में लगातार चार दिनों से बाढ़ का पानी भरा हुआ है। पूरे गांव का संपर्क लगभग कट गया है। गांव की सड़कें, घरों के आसपास का क्षेत्र तथा आवागमन का एकमात्र मार्ग पानी में डूब जाने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चार दिनों से जलभराव की गंभीर स्थिति बनी रहने के बावजूद अब तक न तो कोई सरकारी राहत सामग्री पहुंची है और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस सहायता उपलब्ध कराई गई है। खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का संकट लगातार गहराता जा रहा है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
इस कठिन परिस्थिति में राजनगर टुडे के प्रतिनिधि सितु पठान ने मानवीय पहल करते हुए प्रभावित परिवारों तक सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई। कई दिनों से सहायता की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों ने इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया और राहत की सांस ली।
उधर, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल अस्थायी राहत पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि भविष्य में हल्की बारिश में भी ऐसी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अब सबकी निगाहें प्रशासन की ओर हैं। देखना यह है कि चार दिनों से जलमग्न शुकतला गांव के लोगों की पुकार पर प्रशासन कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों को इसी कठिन परिस्थिति में और अधिक समय तक गुजारना पड़ेगा।