
चंद्रशेखर ग्वाला व यशवंत पांडेय शिलचर, 7 जून। बराक चाय श्रमिक यूनियन कार्यालय परिसर में रविवार को एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक तथा बराक चाय श्रमिक यूनियन के महासचिव राजदीप ग्वाला का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही बराक घाटी के चाय समुदाय के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बराक चाय श्रमिक यूनियन की कार्यकारिणी एवं जनरल काउंसिल सदस्यों की बैठक से हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उधारबंद विधानसभा क्षेत्र से राजदीप ग्वाला के विधायक निर्वाचित होने पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में यूनियन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधायक राजदीप ग्वाला को स्मृति चिन्ह, मेमेंटो तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने उनकी राजनीतिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया।
समारोह की अध्यक्षता बराक चाय श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष एवं श्रीभूमि जिले के सांसद कृपानाथ मलाह ने की। कार्यक्रम का संचालन यूनियन के महासचिव बाबुल नारायण कानू तथा बराक वैली टी यूथ वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष लालन प्रसाद ग्वाला ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुचरण विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. निरंजन राय उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में कछार के जिला विद्यालय निरीक्षक मिथुन जौहरी, जगन्नाथ सिंह कॉलेज उधारबंद के प्राचार्य डॉ. एस. समरेन्द्र सिंह, नेहरू कॉलेज पैलापुल के प्राचार्य डॉ. शुभजीत चक्रवर्ती, भाजपा के रंगपुर-मालूग्राम मंडल अध्यक्ष पुलक देव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मंच पर यूनियन के सलाहकार महाबल कोइरी, डॉ. संतोष रंजन चक्रवर्ती, जवाहरलाल राय, अवनीलाल कुर्मी, उपाध्यक्ष राधेश्याम कोइरी एवं शिवपूजन रविदास, सह महासचिव खीरोद कर्मकार, बिपुल कुर्मी, सुरेश बड़ाइक, दुर्गेश कर्मी तथा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
समारोह का मुख्य आकर्षण बराक घाटी के चाय समुदाय के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान था। बराक चाय श्रमिक यूनियन एवं बराक वैली टी यूथ वेलफेयर सोसाइटी की संयुक्त पहल के तहत माध्यमिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 186 तथा उच्च माध्यमिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 96 विद्यार्थियों सहित कुल 282 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह, फाइल कवर एवं नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन और विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि चाय समुदाय के विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज, राज्य और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांसद कृपानाथ मलाह ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लगन, मेहनत और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि डॉ. निरंजन राय ने कहा कि आज सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थी विकसित भारत के वास्तविक नायक हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा प्रदान कर रही है और विद्यार्थियों को केवल औपचारिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल एवं ज्ञान आधारित शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने असम सरकार की ‘निजुत मोइना’ और ‘निजुत बाबु’ जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये योजनाएं शिक्षा को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही चाय बागान क्षेत्रों में स्थापित आदर्श विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रहे हैं।
इस अवसर पर आदिवासी चाय जनगोष्ठी उन्नयन समिति, बराक आदिवासी करम पूजा समिति, बराक चाय श्रमिक यूनियन कॉम्प्लेक्स व्यवसायी समिति, बराक चाय युवा कल्याण समिति, मारवाड़ी युवा मंच शिलचर, नुनिया समाज, सोनार समाज, ओबीसी संगठन कछार, बराक हिंदी साहित्य समिति सहित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक संगठनों ने विधायक राजदीप ग्वाला का अभिनंदन किया।
अतिथियों का स्वागत चाय युवा कल्याण समिति के कार्यकर्ताओं विश्वजीत कोइरी, सचिन साहू, बीजू कर्मकार, अनूप वर्मा, देवाशीष कानु आदि ने किया।
उत्सवपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, चाय बागान क्षेत्रों के प्रतिनिधि तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, समाज में शिक्षा के प्रसार तथा चाय समुदाय के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।