
शिलचर, 28 अगस्त 2026: दिनांक 28 अगस्त 2026 को ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.), शिलचर के परिसर में देश की रक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में एक भव्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विभिन्न महिला संगठनों, काचकांती विद्या मंदिर की छात्राओं, गुरुकुल स्कूल, उधारबंद की छात्राओं, सी.आर.पी.एफ. मांटेसरी स्कूल, ग्रुप केन्द्र शिलचर, ब्रह्माकुमारीज़ की बहनों और विश्व हिंदू परिषद की महिला विंग की सदस्यों ने ग्रुप केंद्र, शिलचर के इस भव्य कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं और नन्हीं छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ ड्यूटी पर तैनात सी.आर.पी.एफ. के जवानों को रक्षासूत्र (राखी) बांधा। उन्होंने पारंपरिक रूप से जवानों का तिलक लगाया, आरती उतारी और उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुरक्षा व लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की महिला विंग की प्रतिनिधियों ने अपना बहुमूल्य भाषण भी दिया, जिसमें उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा में अर्धसैनिक बलों के अमूल्य योगदान की सराहना की और जवानों के त्याग व समर्पण को रेखांकित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। जवाब में, जवानों ने भी देश और नागरिकों की रक्षा के साथ-साथ बहनों की सुरक्षा का अपना संकल्प दोहराया।

इस मौके पर ग्रुप केंद्र, शिलचर के अधिकारी एवं जवानों ने सभी आगंतुकों का स्वागत और आभार व्यक्त किया । अपने परिवारों से दूर रहकर देश की आंतरिक सुरक्षा में मुस्तैद जवानों के लिए यह पल बेहद भावुक और ऊर्जा से भरने वाला है। इस तरह के आयोजनों से जवानों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें घर की कमी महसूस नहीं होती।