फेफना (बलिया)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को फेफना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर संगठन के संस्थापक प्रदेश कोषाध्यक्ष उमाशंकर चौधरी की पांचवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और समाज एवं सहकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी एवं क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने संयुक्त रूप से उमाशंकर चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उमाशंकर चौधरी पक्ष के पहाड़ थे। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने के बावजूद वह सभी लोगों के प्रिय थे। उन्होंने बिना किसी पद पर रहते हुए सहकारिता के क्षेत्र में जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके बिना सहकारिता के क्षेत्र में कोई भी बात आगे नहीं बढ़ती थी। कहा कि उमाशंकर चौधरी गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं को सहजता से सुनते थे तथा उनके समाधान के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। उनके जीवन मूल्यों और समाज के प्रति समर्पण से सभी को सीख लेनी चाहिए।
क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने कहा कि याद उन्हीं लोगों को किया जाता है, जो अपने जीवन में समाज के लिए कुछ करते हैं। समाज के लिए जीने वाला व्यक्ति कभी मरता नहीं है, बल्कि वह हमेशा लोगों की यादों में जीवित रहता है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष आजमगढ़ वीरभद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज संगठन रूपी जो वटवृक्ष दिखाई दे रहा है, वह उमाशंकर चौधरी के दृढ़ संकल्प और उनके प्रयासों का परिणाम है। वह असाधारण व्यक्तित्व के धनी थे। उनके मार्गदर्शन में काम करने का अनुभव हमेशा स्मरणीय रहेगा। इस दौरान रामभरोसे यादव, रामाशीष एवं सुनील सरदासपुरी ने गीत प्रस्तुत कर लोगों को भावविभोर किया। इसके बाद दर्जनों लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अच्युतानंद त्रिपाठी, बृजभूषण उपाध्याय, रामबदन भगत, प्रभुनाथ यादव, अनिल यादव, दूधनाथ चौधरी, हरेन्द्र यादव, सुधीर सिंह, कैलाशपति सिंह, अरविंद तिवारी, मंजय सिंह, हसन जावेद, शिवनारायण यादव, मुशीर जैदी, आनंद सिंह, धनेश पांडेय, गुप्तेश्वर पाठक, श्यामप्रकाश शर्मा, बसंत पाण्डेय, योगेश योगी, प्रभाकर सिंह, कन्हैया वर्मा, अभिजीत सिंह आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता जनार्दन सिंह तथा संचालन छोटेलाल चौधरी ने किया। अंत में नवीन कुमार गुप्ता ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोहके अंत मे ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्वप्रांतीय अध्यक्ष सौरभ कुमार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।