गोल्फ सिटी में लोक भारती का सामूहिक व्रत-प्रसाद समारोह संपन्न

धर्म, संस्कृति और सद्भावना के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश; वक्ताओं ने घर से पहल शुरू करने पर दिया जोर

विशेष प्रतिनिधि, लखनऊ, 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर लोक भारती की ओर से शनिवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेलिब्रिटी ग्रीन्स में सामूहिक व्रत-प्रसाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना और प्रसाद के माध्यम से आयोजित इस समारोह में धर्म, संस्कृति, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि चैतन्य कौशल जी महाराज ने सभा की अध्यक्षता की।

समारोह को संबोधित करते हुए लोक भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर, राष्ट्रीय सचिव गोपाल उपाध्याय, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह, मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार तथा सभा अध्यक्ष चैतन्य कौशल जी महाराज सहित अन्य वक्ताओं ने लोक भारती की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों की जानकारी दी। वक्ताओं ने देश, समाज, प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से पहल करनी होगी। जब व्यक्ति स्वयं अपने आचरण में बदलाव लाएगा और प्रकृति तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तो दूसरे लोग भी उससे प्रेरित होकर जुड़ते जाएंगे। छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक सहभागिता के माध्यम से व्यापक सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक रूप से सक्रिय कार्यकर्ताओं को देवी-देवताओं के चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से समाजसेवा में योगदान देने वाले लोगों के कार्यों की सराहना की गई।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक मनोज कुमार, एनएमओ के डॉ. राजेश बरनवाल, संस्कृत भारती के विनय कुमार राय, समर्थ भारत के दिलीप कुमार, सूर्य नारायण सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री कृष्ण चौधरी ने किया।

लोक भारती के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Leave a Comment