गुवाहाटी में माध्यदेशीय वैश्य महासभा महिला समिति का सेवा प्रकल्प सम्पन्न
माध्यदेशीय वैश्य महासभा (महिला समिति) की असम राज्य शाखा एवं गुवाहाटी महानगर शाखा द्वारा गुवाहाटी के कालीपुर स्थित आनंद निकेतन आश्रम में एक सेवा प्रकल्प का सफल आयोजन किया गया।
इस सेवा कार्य के अंतर्गत आश्रम में अध्ययनरत उन छोटे-छोटे बच्चों के बीच सहायता सामग्री का वितरण किया गया, जो वेद विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ अंग्रेज़ी शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं तथा भौतिकतावाद और भोग-विलास से दूर रहकर समाज और राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भोजन हेतु चावल, दाल, फल, पहनने के लिए ऊनी वस्त्र, शाल एवं गमछा आदि सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर मथुरा-वृंदावन से पधारे संत श्री अशोका देवाचार्य जी महाराज, गुवाहाटी महानगर अध्यक्ष श्री शिव प्रसाद गुप्ता, असम राज्य महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती गीता गुप्ता, गुवाहाटी महानगर महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती मीना देवी, राज्य शाखा के कोषाध्यक्ष श्री माधव चंद गुप्ता सहित गुवाहाटी महानगर की सभी महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
संत श्री अशोका देवाचार्य जी महाराज ने इस सेवा प्रकल्प की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और माध्यदेशीय वैश्य महासभा (महिला समिति) को ऐसे सेवा कार्यों के लिए धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दीं।