गुवाहाटी में आयोजित 14वीं नेशनल स्कूल शतरंज चैंपियनशिप में बराक घाटी के खिलाड़ियों का ऐतिहासिक प्रदर्शन
शिलचर, 02 जनवरी: गुवाहाटी स्थित सरुसजाई स्टेडियम में 27 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित 14वीं नेशनल स्कूल शतरंज चैंपियनशिप (क्लासिकल फॉर्मेट) में बराक घाटी के शतरंज खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच बराक घाटी के चार खिलाड़ियों ने अपने-अपने आयु वर्ग में शीर्ष 12 राष्ट्रीय स्थानों में जगह बनाकर दक्षिण असम को पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त स्थान इस प्रकार हैं—
अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में देबरती डे ने 9 राउंड में 6.5 अंक अर्जित करते हुए छठा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 ओपन वर्ग में स्नीहाल रॉय ने 9 राउंड में 6 अंक लेकर छठा स्थान हासिल किया।
अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में हृतोस्मिता भट्टाचार्जी ने 9 राउंड में 5.5 अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में ही गीतिका कुमारी ने 9 राउंड में 5 अंक अर्जित कर 12वां स्थान हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि यह पहली बार है जब दक्षिण असम ने शतरंज के किसी भी राष्ट्रीय स्तर के क्लासिकल प्रारूप में पुरस्कार-प्राप्त स्थान हासिल किए हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
देबरती डे और स्नीहाल रॉय डॉन बॉस्को स्कूल, सिलचर से हैं, जबकि हृतोस्मिता भट्टाचार्जी रामानुज विद्यामंदिर तथा गीतिका कुमारी केंद्रीय विद्यालय (केवी), सिलचर की छात्रा हैं।
इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से न केवल बराक घाटी बल्कि पूरे असम में शतरंज के प्रति उत्साह और प्रेरणा का नया संचार हुआ है।