शिव कुमार, शिलचर 11 जूलाई: गुरुचरण विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की 15 छात्राओं ने प्रेरणा भारती डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क में आयोजित 120 घंटे की पत्रकारिता इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली। लगभग 20 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं को समाचार लेखन, रिपोर्टिंग, संपादन, समाचार चयन, पृष्ठ सज्जा, डिजिटल पत्रकारिता तथा मीडिया के व्यावहारिक पक्षों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेरणा भारती डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क के मुख्य संपादक दिलीप कुमार ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। इंटर्नशिप के दौरान जो बातें सीखने से रह गई हों, उन्हें आगे भी निरंतर प्रयास और अभ्यास से सीखा जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी की समाचार लेखन में रुचि हो तो वह प्रेरणा भारती के लिए समाचार भेज सकती हैं।
उन्होंने कहा कि समाचार भेजते समय तथ्यों की पुष्टि और विश्वसनीय स्रोतों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। स्थानीय स्तर की समस्याएँ, सामाजिक गतिविधियाँ, शिक्षा, संस्कृति, जनहित और बराक घाटी, शिलचर तथा कछार से जुड़े विषयों पर आधारित समाचार समाज के लिए अधिक उपयोगी होते हैं। उन्होंने छात्राओं को एंकरिंग और डिजिटल मीडिया में भी आगे आने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज तकनीक के माध्यम से घर बैठे भी ऑडियो और वीडियो सामग्री तैयार कर पत्रकारिता की जा सकती है।
प्रेरणा भारती की एडिटर श्रीमती सीमा कुमार ने कहा कि 120 घंटे की यह इंटर्नशिप केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्राओं के कौशल विकास की एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने समाचार तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। उन्हें समाचार लेखन, संपादन, पेज मेकिंग, लीड न्यूज़, साइड न्यूज़, समाचारों की प्राथमिकता तथा अखबार तैयार करने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके साथ व्यावहारिक कौशल भी आवश्यक है। प्रत्येक विद्यार्थी को समय-समय पर नए कौशल सीखते रहना चाहिए ताकि भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि आने वाला समय महिलाओं के नेतृत्व का समय है और छात्राएँ शिक्षा, प्रतिभा तथा कौशल के बल पर प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
श्रीमती सीमा कुमार ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों को जीवन में बनाए रखने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और संस्कारित महिला परिवार तथा समाज दोनों की मजबूत आधारशिला होती है। उन्होंने प्राचीन भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि वैदिक काल में भी महिलाओं ने शिक्षा, ज्ञान और नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था और आज फिर वही अवसर महिलाओं के सामने उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने कौशल को निरंतर विकसित करते रहने और सफलता के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
इंटर्नशिप के दौरान आयोजित लिखित परीक्षा में अमृता सिन्हा ने प्रथम, देवश्री ग्वाला ने द्वितीय तथा प्याली भट्टाचार्य और प्रियंका दास ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दीपांजलि राय ने समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) के रूप में उत्कृष्ट जिम्मेदारी निभाई, जबकि कार्यालय प्रमुख सूर्य किरण शील ने इंटर्नशिप के सफल संचालन एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह का संचालन प्रेरणा भारती के वरिष्ठ संवाददाता शिव कुमार ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मशीन ऑपरेटर अंकु देव भी उपस्थित रहे और छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं द्वारा अपने अनुभव साझा करने, पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्ष, संवेदनशील और तथ्यपरक कार्य करने के संकल्प तथा भविष्य में मीडिया के माध्यम से समाज की सेवा करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।