गांव में गंदगी का अंबार,अफसर नहीं दे रहे ध्यान

गड़वार(बलिया), 17 सितंबर: स्थानीय कस्बा में सफाई कर्मचारी की लचरता एवं अधिकारियों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियों में कीचड़ बजबजा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी सफाई नही कराई गई। लगभग आधा दर्जन से अधिक मजरे वाली इस ग्राम पंचायत की आबादी लगभग दस हजार से उपर है। इस ग्राम पंचायत में इंटर कालेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना, आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य सरकारी संस्थान है। जिनकी साफ सफाई का जिम्मा आधा दर्जन सफाई कर्मचारी के कंधों पर है। इसके बावजूद गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है। गांव में मुख्य बाजार से ब्लाक जाने वाले मार्ग पर सुबह चार बजे से रात्रि 11 बजे तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसी मार्ग पर लोगों द्वारा कूड़ा-करकट डालने के कारण गंदगी का ढेर लगा हुआ है। बदबू और दुर्गन्ध के कारण लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया है। वहीं संक्रामक बीमारी फैलने का डर लोगों को सता रहा है। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने के बाद कोई कार्रवाई नही हुई। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Comment