गांधी स्मारक निधि पानीपत में आज देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

विशेष प्रतिनिधि पानीपत हरियाणा, 16 अगस्त: 

गांधी स्मारक निधि पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश, पट्टीकल्याणा  में आज देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की आरम्भ राष्ट्रगीत वंदे मातरम से किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री सचिन अग्रवाल ने विशिष्ट अतिथि समाजसेवी डा नरेश गुलाटी और संस्था के सचिव श्री आनंद कुमार शरण के साथ ध्वजारोहण किया। सभी छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा अतिथियों ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सचिन अग्रवाल ने सभा को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी। डॉक्टर नरेश गुलाटी ने अपने संबोधन में सभा को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों को बताया कि आने वाला समय उन्हीं का है। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह अवश्य करें। 

इस विशेष अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। ‘हम वक्त बदल देंगें’ जैसे देशभक्ति गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया गया। संस्था द्वारा कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को आजादी का प्रतीक चिह्न चरखा (स्मृति चिन्ह) भेंट कर सम्मानित किया गया। 

संस्था-सचिव आनन्द कुमार शरण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि हमें आज़ादी के महत्व को समझना चाहिए और देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित रहने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने समाज सेवी श्री राजेश सेठी का भी आज के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। प्रसाद व्यवस्था समाजसेवी राजेश सेठी की तरफ से रही। 

इस अवसर पर चमनलाल, रविन्द्र , संस्था की न्यासी हेमलता रावत, प्रबंध समिति के सदस्य अशोक शरण, अजय, गिरिराज, डा संदीप जैन, रुपाली, सोनिया, संजय,सोनू व स्कूल की अध्यापिकाएं सुदेश, पूनम, नेहा, पूजा, संतोष, पिंकी, स्वीटी, हिना, रेनू, रजनी, प्रदीप  तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी आए हुए अतिथियों एवं बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Comment