कैपिटल–रांगीरखाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, मंगलवार से सड़क जाम की चेतावनी

शिलचर, 11 जुलाई (रानू दत्त)। शिलचर शहर के कैपिटल प्वाइंट से रांगीरखाड़ी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य को लेकर अस्पताल रोड मर्चेंट्स एसोसिएशन, स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने गंभीर आपत्ति जताई है। शनिवार को अस्पताल रोड में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी सड़क की ऊपरी परत हटाए बिना ही उसके ऊपर सीसी (कंक्रीट) ब्लॉक बिछाकर सड़क की ऊंचाई बढ़ाई जा रही है, जिससे भविष्य में जलभराव और सड़क सुरक्षा जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

व्यापारियों का कहना है कि सड़क की ऊंचाई बढ़ने से दोनों ओर की नालियां नीचे चली जाएंगी और बरसात के दौरान दुकानों तथा घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अलावा सड़क का ढाल असंतुलित होने से पैदल यात्रियों, बुजुर्गों, बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ेगा।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क को समतल किए बिना ब्लॉक बिछाए जा रहे हैं तथा आवश्यक रेत की परत, रोलर से समुचित कम्पैक्शन और दोनों किनारों पर कंक्रीट लॉकिंग जैसी प्रक्रियाओं की भी अनदेखी की जा रही है। उनका दावा है कि कुछ स्थानों पर नई बिछाई गई ब्लॉक सड़क अभी से धंसने लगी है।

एसोसिएशन के सदस्य प्रदीप सुराना ने कहा कि नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण से सड़क की गुणवत्ता और स्थायित्व पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विष्णु पाल ने आरोप लगाया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ने से भविष्य में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होगी। वहीं स्थानीय निवासी साहिदा खातून ने कहा कि पुराने नालों के भर जाने से बरसात में जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाएगी।

अस्पताल रोड मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि रवींद्र गोलगोलिया ने कहा, “यदि विकास के नाम पर लोगों के घरों और दुकानों में पानी भरने लगे, तो ऐसे विकास का कोई अर्थ नहीं रह जाता।” उन्होंने मांग की कि सरकारी मानकों के अनुरूप सड़क की निर्धारित ऊंचाई बनाए रखते हुए निर्माण कार्य दोबारा किया जाए तथा एनएचआईडीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करें।

एसोसिएशन के पदाधिकारी पार्थ धर ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक संबंधित विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाया, तो मंगलवार से स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी कैपिटल–रांगीरखाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन सड़क जाम आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

इस अवसर पर हनुमान जैन, रवींद्र गुलगुलिया, सौरभ पाल, देवजीत दत्ता, मनोज पाल, देबल चौधरी, हस्तीमल बरड़िया, प्रदीप सुराना, राजा साहा, शुभम देव सहित अस्पताल रोड मर्चेंट्स एसोसिएशन के अनेक सदस्य एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

Leave a Comment