रानू दत्त, शिलचर, 31 जुलाई: बराक घाटी में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धलाई थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कूरियर सामान की आड़ में मिजोरम भेजी जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप को जब्त करते हुए पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक को कब्जे में लिया तथा उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार शाम धलाई थाना के सामने लगाए गए नाका जांच अभियान के दौरान गुवाहाटी से मिजोरम जा रहे कंटेनर ट्रक (पंजीकरण संख्या NL-01-AE-2661) को रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर कूरियर पार्सलों के पीछे सावधानीपूर्वक छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की लगभग 100 कार्टन बरामद हुई।
जब्त शराब में किंगफिशर, मैकडॉवेल्स, सिग्नेचर, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने कंटेनर ट्रक और पूरी खेप को जब्त कर लिया है तथा चालक कृपामय राभा, निवासी गोआलपाड़ा, को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब चालक से पूछताछ कर इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, शराब की खेप के स्रोत तथा वास्तविक गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम में शराब पर कड़े प्रतिबंध होने के कारण तस्कर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से विभिन्न तरीकों से वहां शराब पहुंचाने का प्रयास करते रहते हैं। हाल के दिनों में बराक घाटी में शराब तस्करी के कई प्रयास विफल किए जा चुके हैं। धलाई पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता माना जा रहा है।