शिलचर। भारतीय फिल्म संगीत जगत के महान पार्श्वगायक एवं बहुभाषी गायक-अभिनेता स्वर्गीय किशोर कुमार की 97वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार सुबह शिलचर स्थित किशोर कुमार फैंस क्लब के तत्वावधान में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने सर्वप्रथम शिलचर सर्किट हाउस परिसर में स्थापित किशोर कुमार की आवक्ष प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा दिवंगत कलाकार की पावन स्मृति को नमन करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि समारोह में दैनिक सामयिक प्रसंग के संपादक तैयमूर राजा चौधरी, शिलचर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष तमाल बनिक, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उदय शंकर गोस्वामी, खेल संगठक बाबुल होड़, सांस्कृतिक कर्मी भास्कर दास, सुजीत दास तथा सुजन दत्त सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने किशोर कुमार के कालजयी गीतों, उनकी विलक्षण गायकी और भारतीय संगीत एवं सिनेमा जगत में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी मधुर आवाज़ और बहुआयामी प्रतिभा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।