कालाइन में बड़ी सफलता: ट्रक से भारी मात्रा में संदिग्ध विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।

गुमड़ा पुलिस की नाका चेकिंग के दौरान कार्रवाई, शराब की खेप जब्त कर शुरू की गई विस्तृत जांच।

चंद्रशेखर ग्वाला सिलचर। 24 जुलाई। 

बराक घाटी में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछार जिले की गुमड़ा पुलिस को गुरुवार देर शाम बड़ी सफलता मिली। कालाइनछोड़ा पुलिस नाका चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में संदिग्ध विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नाका चेकिंग के दौरान AS-11DC-9055 नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से बड़ी मात्रा में संदिग्ध विदेशी शराब बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस खेप को अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान हैलाकांडी जिले के निवासी नाजिम उद्दीन मजूमदार और आजमल हुसैन के रूप में हुई है। बरामद शराब और ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को गुमड़ा पुलिस की हिरासत में रखा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। मामले में आगे की जांच जारी है।

कछार पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment